सहयोग शिविर में आए सभी 85 आवेदनों का मौके पर निष्पादन, एडीएम ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सहयोग शिविर में आए सभी 85 आवेदनों का मौके पर निष्पादन, एडीएम ने किया निरीक्षण


कटिहार, 2 जून (हि.स.)। कुर्सेला प्रखंड की जरलाही पंचायत स्थित मधेली पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर में आए सभी 85 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। मंगलवार को आपदा अपर समाहर्ता (एडीएम) धनंजय कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा और सीओ अनुपम कुमार ने संयुक्त रूप से इस शिविर का निरीक्षण किया। एडीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान अधिकतम 30 दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान आपदा एडीएम धनंजय कुमार ने कहा कि इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बरतने की हिदायत दी।

शिविर में सोमवार तक कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि मंगलवार को 4 नए आवेदन आए, जिससे कुल आवेदनों की संख्या 85 हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया है। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर समय सीमा के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विभागवार प्राप्त आवेदनों में ग्रामीण विकास विभाग के 20, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 15, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के 11, स्वास्थ्य विभाग के 10, सांख्यिकी विभाग के 9, जीविका के 5, समाज कल्याण विभाग के 5, आईसीडीएस के 4 और श्रम संसाधन विभाग के 2 आवेदन शामिल थे।

इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story