तेल एवं एलपीजी की उपलब्धता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
तेल एवं एलपीजी की उपलब्धता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित


अररिया 16 मार्च(हि.स.)।

जिलाधिकारी (डीएम) विनोद दूहन द्वारा तेल एवं एलपीजी की उपलब्धता से संबंधित आमजनों को होने वाली कठिनाइयों के समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह आदेश सरकार के विशेष सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 1240 दिनांक 13 मार्च 2026 के आलोक में किया गया है।

जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला उद्योग भवन के सभाकक्ष में संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06453-222309 निर्धारित किया गया है, जिस पर आमजन अपनी समस्याओं की जानकारी दे सकेंगे।जिला नियंत्रण कक्ष में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राप्त शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि एलपीजी की उपलब्धता से संबंधित आमजनों की समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं फारबिसगंज को भी अपने-अपने अनुमंडल मुख्यालय में अनुमंडल नियंत्रण कक्ष स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story