गैस डिलीवरी को लेकर पंचायत स्तर के साथ नगर परिषद के तीन वार्डों पर गठित होगा नियंत्रण कक्ष

WhatsApp Channel Join Now
गैस डिलीवरी को लेकर पंचायत स्तर के साथ नगर परिषद के तीन वार्डों पर गठित होगा नियंत्रण कक्ष


अररिया 03 अप्रैल(हि.स.)।

एलपीजी गैस आपूर्ति को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील है।डीएम

विनोद दूहन ने आत्मन सभागार में शुक्रवार को एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के एरिया मैनेजर तथा जिले के एलपीजी गैस एजेंसियों के संचालक के साथ बैठक की।डीएम ने जिले में गैस वितरण की वर्तमान स्थिति, डिलीवरी प्रणाली की क्षमता और उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डिलीवरी कैपेसिटी को बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पारदर्शी व सुदृढ़ वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एजेंसियों की डिलीवरी प्रणाली की क्षमता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उसमें सुधार के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सरकार भवन स्तर पर भी गैस आपूर्ति नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए, जिसमें पंचायत सचिव एवं संबंधित ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर गैसों का वितरण, निगरानी और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।इसके अलावा नगर परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में तीन वार्डों को मिलाकर क्लस्टर बनाते हुए किसी सरकारी भवन में गैस आपूर्ति नियंत्रण कक्ष स्थापित कर इसमें कर संग्रहकर्ता एवं अन्य कर्मियों को शामिल करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण ,सहायक आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story