एनएच-327ई पर मवेशियों से भरा कंटेनर जब्त, दो मवेशियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-327ई पर मवेशियों से भरा कंटेनर जब्त, दो मवेशियों की मौत


किशनगंज, 07 सितंबर (हि.स.)। सुखानी थाना पुलिस ने एनएच-327ई पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों से लदे एक कंटेनर को जब्त किया है। कंटेनर में करीब 60 मवेशियों को कथित तौर पर बेहद तंग और अमानवीय परिस्थितियों में लादकर ले जाया जा रहा था। इस दौरान दो मवेशियों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया कि पुलिस टीम दिवा गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में मवेशियों को लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तातपौआ मोड़ के समीप वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर बड़ी संख्या में मवेशी पाए गए। पुलिस के अनुसार, कंटेनर के अंदर मवेशियों को कम जगह में एक-दूसरे से सटाकर ठूंसकर रखा गया था।प्रारंभिक जांच में करीब 60 मवेशियों के होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से दो मवेशियों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, कंटेनर अररिया की ओर से पश्चिम बंगाल की दिशा में जा रहा था। वाहन को जब्त कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों को कंटेनर में इस तरह ले जाने के पीछे के उद्देश्य और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही मवेशियों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story