सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल का आरोप, सीवान के परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का हंगामा
सीवान, 17 जून (हि.स.)। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा के दौरान बुधवार को शहर के संघमित्रा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ परीक्षार्थियों ने नकल कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
बताया जाता है कि मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही के पदों के लिए आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद गया जिले के परीक्षार्थी श्याम कुमार ने केंद्र प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा था कि परीक्षा समाप्त होने से करीब 15 मिनट पहले रूम नंबर-106 में बायोमेट्रिक प्रक्रिया के दौरान एक कर्मी द्वारा कुछ अभ्यर्थियों को कथित रूप से उत्तर लिखी हुई पर्ची उपलब्ध कराई गई।
परीक्षार्थी का आरोप है कि पर्ची में प्रश्नों के क्रमवार उत्तर लिखे हुए थे, जिससे कुछ उम्मीदवारों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई। जब इस बात की जानकारी अन्य अभ्यर्थियों को हुई तो वे केंद्र के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
आरोप लगाने वाले अभ्यर्थी ने संबंधित बायोमेट्रिक कर्मी का नाम भी सार्वजनिक करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उसका कहना था कि शिकायत लेकर जब वह केंद्राधीक्षक के पास पहुंचा तो उन्होंने लिखित आवेदन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना डायल-112 को दी गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता भी केंद्र पर पहुंचे और अभ्यर्थियों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई। इसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा शुरू हो सकी।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उनका आरोप था कि केंद्र पर एक संगठित रैकेट सक्रिय हो सकता है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
हालांकि प्रशासन की ओर से देर शाम तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। वहीं आरोप लगाने वाले परीक्षार्थी को पुलिस अपने साथ लेकर चली गई। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सीसीटीवी जांच में क्या सामने आता है और प्रशासन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

