संदेहास्पद स्थिति में सिपाही की मौत, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 08 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में डायल 112 में तैनात सिपाही आलोक रंजन का शव संदिग्ध परिस्थिति में सोमवार को उनके घर से बरामद किया गया है।
मृतक सिपाही दरभंगा जिले के निवासी थे और वह सबौर में किराए के मकान में रहकर अपनी सेवा दे रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद आलोक रंजन अपने सबौर स्थित किराए के घर आराम करने चले गए। सोमवार सुबह जब सहकर्मियों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद तत्काल मामले की सूचना सबौर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सहकर्मियों ने आलोक रंजन को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार और सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सहकर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजन के पहुंचने तक शव को सदर अस्पताल के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

