बिहार कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने दोहरे हत्याकांड को लेकर किया जांच,पीड़ित परिवार से की मुलाकात
अररिया, 17 अप्रैल(हि.स.)।
बिहार प्रदेश कांग्रेस के आठ सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को फारबिसगंज में हुए दोहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिला और घटना के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
मौके पर प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी ने कहा कि बिहार सरकार की क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। अपराधियों को क़ानून का डर नहीं है यही वजह है कि अपराधी बेलगाम हैं। रहमानी ने कहा कि हमारा समाज भी आज अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम है।जिस तरह से समाज में सूखे नशा का प्रचलन चरम पर है वो बहुत चिंताजनक है। सरकार को इस पर ठोस कदम उठाने चाहिए।उन्होंने कहा कि फारबिसगंज हत्याकांड की न्यायिक जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए ।
कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष मासूम रेज़ा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने अररिया के इस घटनाक्रम का जिस तरह से स्वतः संज्ञान लिया है हम पार्टी के प्रति एवं अध्यक्ष राजेश राम का आभार प्रकट करते हैं।अररिया कांग्रेस पर्यवेक्षक असगर अली पीटर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के दुख के साथ खड़ी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

