युवाओं, कोसी आपदा, नशामुक्ति और विस्थापितों के अधिकार पर संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस : अनुपम

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं, कोसी आपदा, नशामुक्ति और विस्थापितों के अधिकार पर संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस : अनुपम


सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष अनुपम की अध्यक्षता में संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नए जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में संगठन में आई सक्रियता और नई ऊर्जा की सराहना की। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि नए नेतृत्व के बाद जिला कांग्रेस जनसरोकार के मुद्दों को अधिक मजबूती से उठा रही है।

वरिष्ठ नेता नरेश मिश्रा ने कहा कि देशव्यापी छात्र आंदोलन युवा हल्ला बोल में अनुपम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और युवाओं के अधिकारों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाई गई। शत्रुघ्न चौधरी ने कहा कि सुपौल कभी कांग्रेस का मजबूत आधार रहा है और अब संगठन को फिर से उसी मजबूती के साथ खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वनाथ सर्राफ ने बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। बैठक में कोसी क्षेत्र की बाढ़ समस्या और सरकार की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

नेताओं ने कहा कि हर वर्ष राहत वितरण तक सीमित रहने के बजाय तटबंधों की समय पर मरम्मत, सिल्ट प्रबंधन, सुरक्षित निकासी व्यवस्था और आपदा से पहले व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। राज्य के कई हिस्सों में सुखाड़ की स्थिति का उल्लेख करते हुए किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज, बेहतर सिंचाई व्यवस्था, फसल क्षति का पारदर्शी आकलन और समयबद्ध मुआवजे की मांग भी उठाई गई।

नेताओं ने युवाओं में बढ़ते नशे को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रशासन से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कोसी विस्थापित परिवारों के पुनर्वास में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और सभी पात्र परिवारों को पारदर्शी तरीके से अधिकार दिलाने की मांग की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगस्त माह से संगठन में नई जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जाएगा तथा जनसंपर्क अभियान, जनसुनवाई, पदयात्रा और जनआंदोलन के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story