कांग्रेस की नवगठित अनुशासन समिति की पहली बैठक में अनुशासन बनाए रखने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की नवगठित अनुशासन समिति की पहली बैठक में अनुशासन बनाए रखने पर जोर


सुपौल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला कांग्रेस की नवगठित अनुशासन समिति की पहली बैठक गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में समिति के अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति की भावी कार्ययोजना और संगठन में अनुशासन बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में समिति के अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव के अलावा सदस्य राजनारायण प्रसाद गुप्ता, डॉ. विश्वनाथ सर्राफ, प्रेमनाथ झा एवं मोहम्मद तनवीर आलम उपस्थित रहे।बैठक में सभी सदस्यों ने पार्टी संगठन के भीतर अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया और इस दिशा में पूरी सक्रियता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पार्टी नेतृत्व एवं जिला कां ग्रेस अध्यक्ष अनुपम कुमार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

समिति के अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव ने कहा कि अनुशासन समिति की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि संगठन में होने वाले किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आंतरिक विवाद की जानकारी समिति को उपलब्ध कराएं, ताकि उसका समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अनुशासन समिति केवल अनुशासनहीनता के मामलों की समीक्षा ही नहीं करेगी, बल्कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में कार्यकर्ताओं के बीच आपसी मतभेद और आंतरिक विवादों को संवाद के माध्यम से समाप्त कराने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। इससे संगठन को और अधिक मजबूत तथा एकजुट बनाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story