संगठन सृजन साथी जनसंपर्क अभियान से बिहार कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जाः राजेश राम

WhatsApp Channel Join Now
संगठन सृजन साथी जनसंपर्क अभियान से बिहार कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जाः राजेश राम


पटना, 24 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में “संगठन सृजन साथी जनसंपर्क अभियान” को लेकर बीपीसीसी पर्यवेक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीपीसीसी ऐप तथा संगठन सृजन साथी जनसंपर्क अभियान की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाना है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि संगठन सृजन साथी जनसंपर्क अभियान बिहार कांग्रेस के लिए संजीवनी का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हर गांव और हर बूथ पर संगठन को मजबूती दी जाएगी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे संगठन से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 25 अप्रैल को सभी बीपीसीसी पर्यवेक्षक अपने-अपने प्रभार वाले जिलों के लिए रवाना होंगे और 30 अप्रैल तक जिलों में रहकर अभियान से संबंधित गतिविधियों को संचालित करेंगे।

इस दौरान जिला अध्यक्षों एवं जिला कमेटी के साथ बैठक, प्रदेश कमेटी के दावेदारों और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ समन्वय बैठक तथा सृजन साथी अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेस वार्ता भी आयोजित की जाएगी।

राजेश राम ने आगे बताया कि अभियान के अगले चरण में 2 मई को दक्षिण बिहार के सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों तथा 3 मई को उत्तर बिहार के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों एवं सभी पर्यवेक्षकों का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 4 मई को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ एक व्यापक बैठक आयोजित कर पूरे बिहार में संगठन सृजन साथी अभियान को सामूहिक नेतृत्व के साथ सफल बनाने की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में प्रमुख रूप से अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, मिन्नत रहमानी, ऋषि मिश्रा, बैद्यनाथ शर्मा, कमल कमलेश, कमलदेव नारायण शुक्ला, शशांत शेखर, प्रेमचन्द्र सिंह, उमेश राम, चंद्रभूषण राजपूत सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story