फारबिसगंज में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, फूंका पुतला


अररिया 22 जुलाई(हि.स.)। पेपर लीक, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, छात्रों पर हुए पुलिसिया दमन तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अन्य सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को फारबिसगंज के स्टेशन चौक पर प्रखंड और नगर कांग्रेस कमिटी की ओर से विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू ने किया।मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा ओर शाद अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाना और छात्रों के अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करण कुमार पप्पू ने कहा कि देश का शिक्षा मंत्री हत्यारा है।उसके कारण बीस छात्रों को जान गंवाना पड़ा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह को अविलंब मंत्री पद से हटाया जाए।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों को न्याय तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग की। इसके बाद प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शाद अहमद,अनिल सिन्हा, वरिष्ठ नेता शंकर प्रसाद साह, करण कुमार पप्पू, इरशाद सिद्दीकी, अखलाकुर रहमान, मो. दानिश, अमन रजा, नासिर हुसैन, मो. सज्जाद, डोमी ऋषिदेव, रामदेव यादव, सिधार यादव, कफिल अंसारी, संजीव शेखर, मनोज साह,मो. सद्दाम, मो. अरबाज, मो. शहवाज एवं मो. अमीर, तस्ददुक खान, मो अलाउद्दीन आजाद सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story