बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अख्तरुल ईमान सार्वजनिक माफी मांगें : सैफ अली खान

WhatsApp Channel Join Now
बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अख्तरुल ईमान सार्वजनिक माफी मांगें : सैफ अली खान


अररिया 23 नवम्बर(हि.स.)।एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अख्तरुल ईमान द्वारा शादी-विवाह और दुल्हनों को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। अररिया जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सैफ अली खान ने विधायक के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं की गरिमा और सम्मान के खिलाफ बताया है। उन्होंने अख्तरुल ईमान से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

सैफ अली खान ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों, फिजूलखर्ची और गलत परंपराओं के खिलाफ आवाज उठाना हर जिम्मेदार व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन समाज सुधार के नाम पर बहू-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। एक जनप्रतिनिधि और समाज का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस्लाम महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और गरिमा प्रदान करने की शिक्षा देता है। कुरान और हदीस में जुबान की हिफाजत, दूसरों की इज्जत और अच्छे अखलाक पर विशेष जोर दिया गया है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद ने भी महिलाओं के साथ बेहतरीन व्यवहार करने की शिक्षा दी है। ऐसे में महिलाओं के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल इस्लाम की मूल शिक्षाओं के विपरीत है।

खान ने कहा कि अगर शादी-विवाह में फिजूलखर्ची या कोई सामाजिक बुराई है तो उसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। लोगों को समझाया जाना चाहिए, न कि सार्वजनिक मंचों से ऐसी भाषा का प्रयोग किया जाए जिससे समाज की बेटियों को अपमानित महसूस हो।

सैफ अली खान ने आगे कहा कि सीमांचल की जनता ने जनप्रतिनिधियों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, विकास और सामाजिक अधिकारों की आवाज उठाने के लिए चुना है। इसलिए नेताओं को ऐसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए, न कि ऐसे बयान देने चाहिए जिनसे सामाजिक मर्यादा और महिलाओं के सम्मान पर सवाल खड़े हों।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का मुद्दा नहीं, बल्कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का विषय है। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ इस तरह की अमर्यादित भाषा का विरोध करता है और अख्तरुल ईमान से मांग करता है कि वे अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story