गांधी घाट पर कांग्रेसियों ने गांधीजी को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
गांधी घाट पर कांग्रेसियों ने गांधीजी को दी श्रद्धांजलि


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को किशनगंज शहर स्थित रमजान पुल के समीप गांधी घाट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला अध्यक्ष इमाम अली चिन्टू ने की। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग, न्याय और सद्भाव के विचारों को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी समाज में शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रासंगिक हैं। गांधीजी के बताए मार्ग पर चलना और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सादगी, त्याग और जनसेवा का उदाहरण है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अरुण कुमार शाह, बिहार प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष असगर अली पीटर, कांग्रेस एससी/एसटी अध्यक्ष मनोज पासवान, नगर उपाध्यक्ष तनवीर, मनोज ठाकुर, मुकेश मल्लिक, मोहम्मद तस्लीम सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद थे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान गांधी घाट पर महात्मा गांधी के आदर्शों और उनके योगदान को याद किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story