जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करना सबसे बड़ी प्राथमिकता : प्रो. रंजीत मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करना सबसे बड़ी प्राथमिकता : प्रो. रंजीत मिश्र


सुपौल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक संगठन को सशक्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करना होगा। जब जमीन पर कांग्रेस मजबूत होगी, तो पार्टी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वतः मजबूत हो जाएगी। ये बातें कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह प्रशिक्षण प्रभारी प्रो. (डॉ.) रंजीत कुमार मिश्र ने कहीं। वे बसंतपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से वीरपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि देश की जनता मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से परेशान है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने केंद्र की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दों को लेकर सवाल उठा रही है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और पार्टी की विचारधारा तथा नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यकर्ता सम्मेलन को सुपौल जिला कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजनारायण प्रसाद गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. शिवाकांत मिश्र, प्रो. महेंद्र कुमार पंडित, कामेश्वर प्रसाद सिंह, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष कुलदीप सहनोगिया सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story