सदाकत आश्रम में कांग्रेस का दही-चूड़ा स्नेह भोज, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम रहे मौजूद

WhatsApp Channel Join Now
सदाकत आश्रम में कांग्रेस का दही-चूड़ा स्नेह भोज, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम रहे मौजूद


पटना, 12 जनवरी (हि.स.)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस पार्टी द्वारा पारंपरिक दही-चूड़ा स्नेह भोज का आयोजन किया गया।

यह आयोजन प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ संजय यादव की ओर से किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि मकर संक्रांति समरसता, भाईचारे और नई ऊर्जा का पर्व है। दही-चूड़ा हमारी लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी हमेशा बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को सम्मान देती रही है और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।

राजेश राम ने कहा कि आज के समय में जब समाज को बांटने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे आयोजनों के माध्यम से आपसी सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करना बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों के साथ जनता की आवाज़ बुलंद करती रहेगी। स्नेह भोज के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story