फारबिसगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया 140वां स्थापना दिवस
अररिया 28 दिसम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को पार्टी के स्थापना का 140वां स्थापना दिवस मनाया।
मौके पर पार्टी का ध्वज फहराया गया एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पण किया गया।कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव की अध्यक्षता में हुआ।मौके पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ।जिसमें कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े नेताओं ने अपने अपने विचार प्रकट किया।
प्रखंड अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाने से लेकर संविधान निर्माण तक में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और आज लोकतंत्र तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस पर है।
पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि 140 वर्षों का कांग्रेस का इतिहास त्याग, संघर्ष और समावेशी विकास का प्रतीक है तथा पार्टी आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।वहीं मो. दानिश ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और कांग्रेस उन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए देश को दिशा देने का काम कर रही है।अमन रजा ने कहा कि बढ़ती बेरोज़गारी और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ही एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प है।वहीं अखलाकुर रहमान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और अल्पसंख्यकों की आवाज़ रही है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता शंकर प्रसाद साह,अखलाकुर रहमान, मो. दानिश, अमन रजा, तसद्दुक खान, रामदेव यादव, मो. सलाउद्दीन आजाद,चंद्रशेखर सिंह, मो. जफिल,सुशील राम , साकिब अंसारी,साकिब रजा, मायानंद ऋषिदेव, जयप्रकाश ऋषिदेव, मो. बरकत अली,मो. नजाम,मो. आजाद,मो. मुन्ना, गौरव कुमार,नोमान खान, वासुदेव मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

