कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से की मुलाकात
सीवान, 08 जून (हि.स.)। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय से मुलाकात कर जिले से जुड़े कई मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस जिला कार्यालय की ऐतिहासिक जमीन को भू-माफियाओं से बचाने, शहजाद अली के परिजनों को न्याय दिलाने, हसनपुरवा गांव में कथित पुलिस उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा दुधड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय को पूर्व स्थान पर संचालित कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला कांग्रेस कार्यालय की जमीन स्वतंत्रता आंदोलन की धरोहर है। उनका दावा है कि यह भूमि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की उपस्थिति में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को भूमिदाता गोकुल प्रसाद द्वारा कांग्रेस पार्टी के लिए दान की गई थी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि जमीन की बढ़ती कीमतों को देखते हुए भू-माफिया उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बड़हरिया के शिवराजपुर में शहजाद अली की हत्या का मामला भी उठाया। नेताओं ने कहा कि मृतक का परिवार बेहद गरीब है और अब भी कई सरकारी योजनाओं से वंचित है। उन्होंने शहजाद की पत्नी व बच्चों को आवास, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने जीरादेई प्रखंड के हसनपुरवा गांव में पुलिस द्वारा निर्दोष ग्रामीणों को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं दुधड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय को शेखपुरा में पूर्ववत संचालित करने तथा चिन्हित भूमि पर विद्यालय भवन निर्माण कराने का भी अनुरोध किया।
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, जवाहर भाई, शिवधारी दुबे, डॉ. विधु शेखर पांडेय सहित कई कांग्रेस नेता शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

