वायरल वीडियो मामले में कोचिंग संस्थान की जांच की मांग, डीईओ से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
वायरल वीडियो मामले में कोचिंग संस्थान की जांच की मांग, डीईओ से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल


अररिया 07 सितम्बर(हि.स.)।

फारबिसगंज के एससीपी कोचिंग से संबंधित कथित वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम से मुलाकात कर कोचिंग संस्थान के संचालन एवं हॉस्टल व्यवस्था की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में बिहार संगठन प्रभारी महासचिव फैयाज हुसैन, प्रदेश महासचिव रहमत अली एवं जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान शामिल रहे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो में मुस्लिम पहचान से जुड़े हिजाब जैसे परिधान में छात्राओं को कथित तौर पर आपत्तिजनक गीतों पर नृत्य करते हुए दिखाया गया है। आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ कोचिंग संस्थान द्वारा संचालित छात्र-छात्राओं के हॉस्टल की वैधता, पंजीकरण, अनुमति, अग्नि सुरक्षा, भवन एवं अन्य निर्धारित मानकों की भी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही कोचिंग संचालन के निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन की जांच का भी आग्रह किया गया है।

सैफ अली खान ने कहा कि वायरल वीडियो ने समाज के एक बड़े वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों की गरिमा, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।

बिहार संगठन प्रभारी महासचिव फैयाज हुसैन ने कहा कि शिक्षा के नाम पर संचालित संस्थानों को निर्धारित नियम-कानून का पालन करना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story