कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती


सुपौल, 19 नवंबर (हि.स.)। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने की। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रभारी शाहिद खान ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी सशक्त शख्सियत थीं, जिन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, साहसिक फैसलों और मजबूत नेतृत्व से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की अलग पहचान स्थापित की। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, गरीबी उन्मूलन तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके विचारों से प्रेरणा लेकर संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है।

वहीं, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुभाष सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी। आज देश बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में उनकी जनकल्याणकारी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता प्रासंगिक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने से ही दी जा सकती है। श्रद्धांजलि सभा में किशनपुर प्रखंड प्रभारी अभय तिवारी, त्रिवेणीगंज प्रखंड प्रभारी सतेंद्र कुमार चुनचुन, सुपौल प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार झा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेमनाथ झा, रामचंद्र सिंह, मो. उस्मान आजाद, मो. जावेद, लक्ष्मण झा, ललित कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story