कांग्रेस ने शुरू किया “चलो जड़ों की ओर” अभियान, पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़ने की मुहिम तेज
सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने जिले में जमीन से जुड़े पुराने और विश्वसनीय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने की मुहिम शुरू की है। इसी उद्देश्य से जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम के नेतृत्व में “चलो जड़ों की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और बैठकें आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजनारायण प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में जिलाध्यक्ष अनुपम ने जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर दर्जनों सफल संवाद बैठकें की हैं।
इसी क्रम में प्रतापगंज कांग्रेस कमिटी की बैठक आयोजित हुई तथा कई पंचायतों में भी कार्यक्रम किए गए। उन्होंने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का संवाद हुआ, वहां पुराने कार्यकर्ताओं में फिर से उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग पार्टी के प्रति अपना भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पिपरा, किशनपुर, त्रिवेणीगंज, सरायगढ़-भपटियाही सहित अन्य प्रखंडों में भी “चलो जड़ों की ओर” अभियान के तहत बैठकें आयोजित की जाएंगी।
कांग्रेस नेता एवं प्रतापगंज प्रभारी परमेश्वर कुंवर ने कहा कि अनुपम के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ वर्षों में जो पुराने कार्यकर्ता निष्क्रिय हो गए थे, वे अब सक्रिय होकर जिलाध्यक्ष से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी के भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है और अनुपम के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस इस उम्मीद को संगठन का रूप देने में जुटी है।
वहीं, जिलाध्यक्ष अनुपम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की समाज में मजबूत जड़ें हैं और आम जनता बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर देखती है। ऐसे में पार्टी का दायित्व है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे। इसी उद्देश्य से वे लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान उनका मुख्य ध्यान दो बिंदुओं पर है। पहला, जनता की कठिनाइयों और समस्याओं का समाधान कराना तथा दूसरा, समाज के अच्छे और समर्पित लोगों को बड़े संघर्ष के लिए संगठित करना।
अनुपम ने कहा कि “चलो जड़ों की ओर” अभियान को जिलेभर में जिस तरह से समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे वे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस अगर अपनी जड़ों की ओर वापस चली जाए तो किसी में दम नहीं कि हमें परास्त कर सके।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य सुपौल जिले में ऐसी राजनीतिक परिस्थिति तैयार करना है, जहां जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का प्रभाव मजबूत हो और पार्टी का डंका बजे। उन्होंने कहा कि अभियान के शुरुआती दौर में ही जिस तरह का उत्साह और समर्थन मिल रहा है, उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी अपने मिशन में सफल होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

