बापू की विचारधारा को फिर से जन-जन तक पहुंचाएंगे: राजेश राम

WhatsApp Channel Join Now
बापू की विचारधारा को फिर से जन-जन तक पहुंचाएंगे: राजेश राम


पटना, 18 अप्रैल (हि.स.)। सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी के तीन दिवसीय “सर्वोदय संकल्प शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर शिविर में प्रशिक्षण ले रहे कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आज ऐसे समय में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जब देश में महात्मा गांधी की विचारधारा को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बापू के सत्य, अहिंसा और सर्वोदय के सिद्धांतों को समाज के बीच फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह शिविर कार्यकर्ताओं को गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप जीवन शैली और कार्यशैली सीखाने के लिए आयोजित किया गया है। इस शिविर के माध्यम से कार्यकर्ता गांधीगिरी की भावना को समझेंगे और समाज में उसे लागू करने की दिशा में कार्य करेंगे।

राजेश राम ने कहा कि वर्तमान सरकार जिस प्रकार से महात्मा गांधी के विचारों और मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। कांग्रेस पार्टी गांधी जी की विचारधारा की रक्षा और उसे जन-जन तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के लिए लगभग 100 कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया गया था, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 40 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के लिए चुना गया है।

उन्होंने कहा कि इस शिविर में प्रतिभागियों को बापू की दिनचर्या के अनुरूप जीवन शैली अपनानी होगी। सभी प्रतिभागियों को शिविर परिसर में ही रहना, भोजन करना और विश्राम करना होगा। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को श्रमदान की भावना को आत्मसात करते हुए लगभग 1 घंटे का श्रमदान भी करना होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को तैयार करना है जो आगे चलकर जिला और प्रखंड स्तर पर भी गांधीवादी विचारधारा को मजबूत करने का काम करेंगे।

इस कार्यक्रम का कॉर्डिनेटर एवं चेयरपर्सन तथा पूर्व डीजीपी, पार्टी के वरिष्ठ नेता करुणा सागर ने भी प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया।

---

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story