लाठी और बंदूक के बल पर नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़: राजेश राम

WhatsApp Channel Join Now
लाठी और बंदूक के बल पर नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़: राजेश राम


लाठी और बंदूक के बल पर नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़: राजेश राम


पटना, 04 अगस्त (हि.स.)। बिहार में पेपर लीक और सच परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा सीवान में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा कथित रूप से एके-47 का इस्तेमाल किए जाने के विरोध में एनएसयूआई की ओर से पटना के इनकम टैक्स चौराहा से विशाल प्रतिरोध मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न जिलों से आए हजारों छात्र-युवा शामिल हुए और राज्य सरकार की कथित दमनकारी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष सूरज सिंह यादव, प्रभारी सत्यम कुशवाहा, शाश्वत शेखर सहित अन्य छात्र नेताओं को बिहार पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, सांसद पप्पू यादव एवं एनएसयूआई बिहार के अध्यक्ष सूरज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और विरोध मार्च के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विनोद जाखड़, सूरज यादव सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली थाना ले गई।

इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार में छात्र अपने भविष्य, रोजगार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय लाठी और पुलिसिया दमन का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले छात्रों को अपराधियों की तरह पीटा जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सिवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित रूप से एके-47 का इस्तेमाल किए जाने के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। इसकी निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। लोकतंत्र में जनता की आवाज़ का जवाब गोलियों और लाठियों से नहीं दिया जा सकता।

राजेश राम ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, रोजगार के अवसर सीमित हैं और जो छात्र अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं, उन्हें पुलिस दमन का सामना करना पड़ रहा है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि आज का यह विशाल प्रदर्शन केवल पटना का आंदोलन नहीं, बल्कि पूरे बिहार के छात्रों के आक्रोश की आवाज़ है। सरकार छात्रों के सवालों का जवाब देने में विफल रही है और अब दमन के जरिए आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। लेकिन इतिहास गवाह है कि युवाओं की आवाज़ को कभी भी लाठी और जेल के बल पर नहीं दबाया जा सका है।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, वही सरकार उनके खिलाफ पुलिस बल का प्रयोग कर रही है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है और पूरे देश के युवाओं के लिए चिंता का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story