अधिवक्ता अनिल कुमार मांझी के निधन से छपरा विधि मंडल में शोक सभा आयोजित, न्यायिक कार्य स्थगित

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 07 अगस्त (हि.स.)। छपरा विधि मंडल के सदस्य एवं अधिवक्ता अनिल कुमार मांझी का निधन नई दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया।

उनके असमय निधन की खबर मिलते ही छपरा विधि मंडल और पूरे अधिवक्ता समाज में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत आत्मा की शांति और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विधि मंडल के मुख्य कक्ष में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।

शोक सभा में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं वकीलों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधि मंडल के महामंत्री सहित कई पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता अनिल कुमार के योगदान को याद करते हुए उनके निधन को विधि समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

दिवंगत अधिवक्ता के सम्मान में शोक सभा के उपरांत सभी अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से स्वयं को न्यायिक कार्यों से अलग रखने का निर्णय लिया। इस दौरान विधि मंडल की ओर से समस्त अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे न्यायालय में कोई भी नया आवेदन या याचिका दाखिल न करें, ताकि दिवंगत आत्मा के प्रति पूर्ण सम्मान प्रकट किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story