प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर रेलवे का अहम कदम, रामपुर बाजार और टाटानगर के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर रेलवे का अहम कदम, रामपुर बाजार और टाटानगर के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन


कटिहार, 06 अगस्त (हि.स.)। रेलवे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी पहल के तहत रामपुर बाजार से टाटानगर के बीच परीक्षार्थी स्पेशल ट्रेन के परिचालन का निर्णय लिया है।

दस फेरों तक संचालित होने वाली इस विशेष ट्रेन से बिहार एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भारी सहूलियत मिलेगी।

कटिहार रेल मंडल के सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा की आवश्यकता को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे अपने यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस विशेष सेवा के शुरू होने से छात्रों को आवागमन के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे सफर के दौरान केवल वैध टिकट का ही उपयोग करें, रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन का उपयोग करें तथा रेलवे कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें। रेल प्रशासन की इस महत्वपूर्ण पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा यात्रा के दौरान काफी राहत महसूस होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story