जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर दिखा साम्प्रदायिक सद्भाव, बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धर बांधा समां
किशनगंज, 03 सितंबर (हि.स.)। शहर के वार्ड संख्या 30 स्थित प्राथमिक विद्यालय डुमरिया में गुरुवार को जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आपसी भाईचारे और साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल पेश की।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने राधा, कृष्ण, सुदामा और गोपियों सहित विभिन्न पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। दिवाकर बर्मन कृष्ण, रुख्सार राधा, जबकि नाजिया परवीन और नीतू कुमारी गोपी के रूप में नजर आईं। वहीं बाबू मलिक ने सुदामा तथा आर्या दास और सोहिल बाबू ने सखा की भूमिका निभाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही।
प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अलग-अलग समुदायों से आने वाले बच्चों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर जन्माष्टमी का उत्सव मनाया। इससे विद्यालय परिसर में सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश देखने को मिला। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका डॉ. पुष्पांजलि ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति समझ विकसित होने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

