250 फीट सड़क के अभाव में दलित टोला बेहाल, बरसात में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ती परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
250 फीट सड़क के अभाव में दलित टोला बेहाल, बरसात में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ती परेशानी


सुपौल, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के बलजोरा पलार स्थित दलित टोला आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क का अभाव है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

हालात यह हैं कि लोगों को आवागमन के लिए निजी जमीन का सहारा लेना पड़ता है। बताया जाता है कि मुख्य पक्की सड़क बलजोरा-कुपरिया मार्ग से दलित टोले तक महज 250 फीट की दूरी में सड़क नहीं बनी है। इस छोटे से हिस्से के कारण पूरे टोले के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर बरसात के दिनों में कच्ची सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थिति और भी दयनीय हो जाती है।

स्थानीय ग्रामीण महेंद्र सरदार, अजय सरदार, सुरेन सरदार आदि का कहना है कि बरसात के समय घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

बच्चों को स्कूल जाने, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और दैनिक जरूरतों के लिए बाहर निकलने में भारी परेशानी होती है। कई बार फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि मात्र 250 फीट सड़क निर्माण से पूरे दलित टोले की समस्या का समाधान हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story