ई-रिक्शा चालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा चालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस


भागलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी साहेबगंज में एक 18 वर्षीय ई-रिक्शा चालक ने फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान साहेबगंज निवासी बबलू शाह के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष कुमार मानसिक रूप से कमजोर था और अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं, जिनकी शादी अभी नहीं हुई है।

घटना के संबंध में परिजन ने बताया कि मंगलवार रात में खाना खाने के बाद मनीष सोने चला गया था। बुधवार सुबह देर तक नहीं उठने पर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह बांस के सहारे फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजन ने पुलिस की मदद से उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता बबलू शाह ने बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। खुद पिता भी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और हाल ही में सिर में चोट लगने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई है। घटना के बाद वे बार-बार बेहोश हो रहे हैं। परिवार झोपड़ी में रहने को मजबूर है और स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीष नशे का आदी भी था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story