अंतर प्रमंडल विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ,डीएम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
अंतर प्रमंडल विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ,डीएम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह


अररिया 12 अक्टूबर(हि.स.)।

राज्य स्तरीय विद्यालय शतरंज बालक (अंडर-14, 17 एवं 19) खेल प्रतियोगिता का सोमवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला में भव्य शुभारंभ किया गया।तीन दिवसीय आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके पश्चात डीएम विनोद दूहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित मोमेंटो का अनावरण भी किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पूरे आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें और अपनी प्रतिभा के बल पर जिला एवं राज्य का नाम रोशन करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी खिलाड़ी जिला एवं प्रमंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चयनित होकर यहां पहुंचे हैं। ऐसे में इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए अपने खेल के स्तर को और बेहतर बनाने का प्रयास करें।

प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने शतरंज की बिसात पर सेरेमोनियल फर्स्ट मूव चलकर खेल की शुरुआत की। इसके साथ ही गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के आयोजन का उत्सवी आगाज किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन,जिला पंचायत राज पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी,जिला खेल पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759806 Articles

Share this story