देवराम-अमैठी उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुरू होगी वाणिज्य संकाय की पढ़ाई
दरभंगा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी के प्रयास से बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवराम-अमैठी में अब वाणिज्य संकाय में नामांकन का रास्ता साफ हो गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के निदेशक ने नए शैक्षणिक सत्र से वाणिज्य संकाय में नामांकन शुरू कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने ही इलाके में वाणिज्य की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में अब तक कला और विज्ञान संकाय में ही नामांकन एवं पढ़ाई की व्यवस्था थी। वाणिज्य संकाय की सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को इस विषय की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। इस समस्या को लेकर देवराम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद फिरोज आलम सहित अन्य ग्रामीणों ने विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी से मुलाकात कर विद्यालय में वाणिज्य संकाय शुरू कराने की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निदेशक को पत्र लिखकर विद्यालय में वाणिज्य संकाय की पढ़ाई की स्वीकृति देने तथा नामांकन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था। विधायक के अनुरोध पर समिति के निदेशक ने विद्यालय में प्रति सेक्शन 40 विद्यार्थियों के हिसाब से दो सेक्शन में कुल 80 विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया है।
वाणिज्य संकाय में नामांकन की व्यवस्था होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा। इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं में खुशी है। स्थानीय शिक्षाविदों ने भी विधायक के प्रयास की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

