निर्मली में एचपीएस कॉलेज के सामने सड़क पर जलजमाव, लोगों की बढ़ी परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
निर्मली में एचपीएस कॉलेज के सामने सड़क पर जलजमाव, लोगों की बढ़ी परेशानी


सुपौल, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के निर्मली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 स्थित एचपीएस कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाता है, जो कई दिनों तक जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था और नाले के अभाव के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है।

सड़क पर जमा पानी अब सड़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इससे स्थानीय लोगों में बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को जलजमाव और कीचड़ से राहत मिल सके।

इस संबंध में बीडीओ आरुषि शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जा रही है और जल्द ही स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story