बिना अतिरिक्त सरकारी खर्च के स्कूली बच्चों को कोडिंग सिखा रहे तकनीकी कॉलेजों के प्रोफेसर

WhatsApp Channel Join Now
बिना अतिरिक्त सरकारी खर्च के स्कूली बच्चों को कोडिंग सिखा रहे तकनीकी कॉलेजों के प्रोफेसर


कटिहार, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने नयी पहल की है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर बिना किसी अतिरिक्त सरकारी खर्च के स्कूली बच्चों के लिए कंप्यूटर कोडिंग सिखाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न तकनीकी कॉलेजों के प्रोफेसर स्वेच्छा से विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर के जरिए कोडिंग की कक्षाएं दे रहे हैं।

प्रशासन की इस विशेष पहल के दूरगामी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। कम उम्र में ही कोडिंग का व्यावहारिक ज्ञान मिलने से विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता और नैसर्गिक प्रतिभा का बेहतर विकास संभव हो सकेगा। कंप्यूटर और कोडिंग की इन कक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं में भी गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने नवाबगंज स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोडिंग सीख रही छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव जाने और कक्षा संचालन की प्रगति का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story