मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र के पैतृक गांव तेलघी पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डॉ. के.एन. सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र के पैतृक गांव तेलघी पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डॉ. के.एन. सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि


भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार दोपहर विशेष हेलीकॉप्टर से भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत तेलघी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह दौरा बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पूज्य पिता और क्षेत्र के जाने-माने वरिष्ठ चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह (डॉ. के.एन. सिंह) के श्राद्धकर्म एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए हुआ था।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मध्य विद्यालय तेलघी के मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। उनके आगमन को लेकर भागलपुर की जिला अधिकारी अलंकृता पांडेय और पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं तैयारियों का जायजा पहले ही ले लिया गया था। हेलीपैड पर उतरने के बाद सुरक्षा घेरे के बीच वे सड़क मार्ग से आगे बढ़े। आवास पर जाने से पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तेलघी गांव में नवनिर्मित काली मंदिर परिसर पहुंचे। वहां आयोजित धार्मिक यज्ञ में सम्मिलित होकर उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना की और शीश नवाकर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने सेवानिवृत्त सिविल सर्जन स्वर्गीय डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों और मंत्री ई. शैलेंद्र से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपार दुख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि 81 वर्षीय प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. के.एन. सिंह का हाल ही में उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वे अपने सरल, सेवाभावी व्यक्तित्व और गरीब व जरूरतमंद लोगों के मुफ्त इलाज के लिए पूरे नवगछिया व भागलपुर क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय थे। इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री के अलावा बिहार सरकार के कई अन्य कैबिनेट मंत्री, विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और शुभचिंतक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story