सीएम साइंस कॉलेज में शिक्षक संघ का गठन, डॉ. दिनेश बने अध्यक्ष, विश्व दीपक को सचिव की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
सीएम साइंस कॉलेज में शिक्षक संघ का गठन, डॉ. दिनेश बने अध्यक्ष, विश्व दीपक को सचिव की जिम्मेदारी


दरभंगा, 14 अगस्त (हि.स.)। सीएम साइंस कॉलेज, दरभंगा में शुक्रवार को महाविद्यालय के सभी स्थायी शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों के हितों, आपसी समन्वय, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सहयोग तथा सामूहिक समस्याओं के समाधान को लेकर शिक्षक संघ के गठन पर विचार-विमर्श किया गया।

विस्तृत चर्चा के बाद शिक्षकों ने सर्वसम्मति से महाविद्यालय में शिक्षक संघ गठित करने का निर्णय लिया। संघ का उद्देश्य शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाना तय किया गया।

सर्वसम्मति से गठित कार्यकारिणी में डॉ. दिनेश प्रसाद साह को अध्यक्ष, डॉ. खालिद अनवर को उपाध्यक्ष, डॉ. विश्व दीपक त्रिपाठी को सचिव, डॉ. सत्येन्द्र कुमार झा को संयुक्त सचिव तथा डॉ. अभय सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।

वहीं, कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. शाकिर अहमद, डॉ. पूजा अग्रहरि, डॉ. आदित्यनाथ मिश्र, डॉ. पंकज कुमार चौधरी एवं डॉ. ऋचा कुमारी का चयन किया गया।

नवगठित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र से मुलाकात की। प्रधानाचार्य ने सभी नवचयनित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संघ के उद्देश्यों की पूर्ति में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भी प्रधानाचार्य को आश्वस्त किया कि संघ महाविद्यालय में स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण, आपसी सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करने के साथ शिक्षकों एवं महाविद्यालय के हित में प्रभावी और रचनात्मक भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story