सीएम साइंस कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
सीएम साइंस कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित


दरभंगा, 07 जुलाई (हि.स.)।

सीएम साइंस कॉलेज, दरभंगा के स्नातकोत्तर रसायन शास्त्र विभाग द्वारा मंगलवार को बीएससी प्रथम सेमेस्टर (रसायन विज्ञान मेजर) के नव नामांकित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने की, जबकि आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. वी. डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीएम साइंस कॉलेज ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले अनेक छात्र दिए हैं और यह संस्थान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण एवं बेहतर भविष्य के निर्माण का सशक्त मंच प्रदान करता है।

विभागाध्यक्ष डॉ. वी. डी. त्रिपाठी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासित एवं लक्ष्यनिष्ठ होकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी। डॉ. पांशू प्रतीक ने नियमित कक्षाओं में उपस्थिति और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया, जबकि डॉ. गौतम कुमार साह ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही विद्यार्थियों के जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं।

डॉ. फहीमुल हसन ने रसायन विज्ञान के व्यावहारिक ज्ञान एवं प्रयोगशाला प्रशिक्षण के लिए नियमित उपस्थिति की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं सहायक प्राध्यापक डॉ. शाकिर अहमद ने विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, औषधि एवं रासायनिक उद्योग, पर्यावरण विज्ञान, फॉरेंसिक विज्ञान, शिक्षण तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में उपलब्ध व्यापक रोजगार संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में डॉ. निधि झा ने सह-पाठ्यक्रम एवं पाठ्येतर गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. ए. हरिनाथ ने दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान के महत्व और उसके व्यावहारिक उपयोगों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के शिक्षकों एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यार्थियों ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन संस्कृति के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए महाविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story