मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जन-संपर्क विभाग सहित चार विभागाें की समीक्षा की, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जन-संपर्क विभाग सहित चार विभागाें की समीक्षा की, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश


पटना, 18 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान करें और इसके संबंध में पर्यटकों तक सहज और सरल ढंग से जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था सुदृढ़ करें। बिहार में बहुत कार्य किए गए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी ब्रांडिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए। बिहार में किए गए बेहतर कार्यों को लोग जानें और समझें। राज्य के बाहर बिहार का मजबूत ढंग से ब्रांडिंग हो।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का प्रयोग रियल टाइम मॉनीटरिंग के लिए अच्छे ढंग से करें। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का हम अपने विभागों एवं सरकार के कार्यों में उसका कैसे बेहतर उपयोग कर सकते हैं इसको लेकर कार्य करें। नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पंचायती राज विभाग विशेष रूप से इस पर कार्य शुरू करें।

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन को चिह्नित कर विज्ञापन आदि के लिए उपयोग करें ताकि रेवेन्यू जेनरेट हो सके। सरकार के संसाधनों का सही उपयोग हो, यह हम सभी के लिए जरूरी है।

समीक्षा के दौरान सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग द्वारा राज्य में हवाई अवसंरचना के समग्र विकास एवं अंतर्राष्ट्रीय संपर्कता को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी। राज्य में हवाई अड्डों के विकास, उड्डयन प्रशिक्षण तथा आपदा प्रबंधन एवं वीआईपी उड़ान सेवाओं के संचालन जैसे प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जा रहा है।

राज्य सरकार द्वारा बिहार में अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्त्वाकांक्षी नीति लागू की गई है, जिसके तहत पटना एवं गया से विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं प्रारंभ करने हेतु समुचित कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एरोसिटी के विकास की दिशा में भी ठोस पहल की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास वाणिज्यिक, आतिथ्य, लॉजिस्टिक्स एवं पर्यटन आधारित अवसंरचना विकसित करने की योजना है। साथ ही, राज्य के छोटे एवं क्षेत्रीय हवाई अड्डों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में हवाई अड्डों के विकास को लेकर एक प्लान तैयार करें। सेफ्टी और क्वालिटी को लेकर विशेष ध्यान दें। उड़ान योजना के तहत हवाई अड्डों के उन्नयन, रन-वे विस्तार, टर्मिनल निर्माण एवं संचालन की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्कता प्राप्त होगी तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास को गति मिलेगी। बिहार सरकार राज्य में हवाई संपर्कता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन एवं निवेश को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न हवाई अड्डों के विकास, एरोसिटी परियोजनाओं एवं अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से राज्य की आर्थिक एवं पर्यटन क्षमता को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए तेजी से काम करना होगा। शहरों के विस्तारीकरण के लिए लॉन्ग टर्म प्लानिंग के लिए काम करें। साफ-सफाई, यातायात, शहरों के विस्तार को लेकर जो अर्बन नक्शा बनाएं उसको डिजिटलाइज कर लोगों को जानकारी में दें। राज्य में विकास के कई कार्य किए गए हैं। गांव में सारी सुविधायें विकसित की गई हैं। लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story