22 हजार एकड़ जमीन में 'तिरहुत' नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी :मुख्यमंत्री
पटना, 02 जून (हि.स.)।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईंपुर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। इस बैठक में उन्होंने कहा कि 22 हजार एकड़ जमीन में 'तिरहुत' नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से मुजफ्फरपुर जिला के लिए 288.16 करोड़ की 109 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं भी शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने तीन चीनी मिलों को खोलने का निर्णय किया है। चौथा चीनी मिल खुलेगा तो मोतीपुर में ही खुलेगा। 2030 तक बिहार में 25 चीनी मिल शुरू करेंगे। राज्य सरकार ने 3 लाख 47 हजार करोड़ का बजट तैयार किया है। बिहार समृद्धि के रास्ते पर है। केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि समृद्ध बिहार और गौरवशाली बिहार बनाने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना है। कैबिनेट से 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया गया है। 22 हजार एकड़ जमीन में तिरहुत नाम से इस क्षेत्र में नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर शहर को और व्यवस्थित बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है, उस सपने को पूरा करने के लिए हमसब मिलकर काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व डॉ कृष्ण सिंह के कामों को लोग याद रखते हैं। प्रधानमंत्री ने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई तो नीतीश कुमार जी ने हर घर तक बिजली पहुंचायी।
उन्होंने कहा कि हमने 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय किया है। यह मॉडल स्कूल ऐसा हो जिसमें अधिकारी, नेता भी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए पैरवी करेंगे। उस दिन हम समझेंगे कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो गई।
उन्होंने कहा कि बिहार में भी किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा जो पुलिस को चैलेंज करेगा उसे 48 घंटे में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। उसको फिर से प्राप्त करना है। बिहार को समृद्ध बनाना है। बिहार को बदलने के लिए हम अपना कतरा-कतरा खून लगा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट बनाने की सारी प्रकियाएं पूरी कर ली गई हैं, जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर राजस्व मंत्री सहित अन्य विधायक और अधिकारीगण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

