मां श्यामा मंदिर के विकास की 7.48 करोड़ की योजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत, स्वीकृति का मिला आश्वासन
दरभंगा, 22 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को दरभंगा आगमन के दौरान प्रसिद्ध मां श्यामा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से परिसर के समग्र विकास के लिए 748.65 लाख रुपये (करीब 7.48 करोड़) की प्रस्तावित योजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने योजना का अवलोकन करते हुए इसकी स्वीकृति के लिए यथासंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे मां श्यामा मंदिर पहुंचे। प्रधान पुजारी शरद कुमार झा ने उन्हें विधिवत पूजा-अर्चना कराई। मां श्यामा की परिक्रमा के बाद मंदिर न्यास के संरक्षक एवं नगर विधायक संजय सरावगी ने मां की चुनरी भेंट कर उनका सम्मान किया। न्यास अध्यक्ष प्रो. एसएम झा ने प्रसाद एवं स्मारिका तथा न्यास के सह सचिव सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मां श्यामा की तस्वीर स्मृति चिह्न के रूप में प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने मां श्यामा को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद ग्रहण किया तथा उपस्थित लोगों के बीच उसका वितरण भी किया। इस दौरान मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, सांसद अशोक कुमार यादव, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, प्रो. विनय कुमार चौधरी एवं विधायक ईश्वर मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पूजा-अर्चना के बाद न्यास के सचिव सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी। योजना के तहत मां श्यामा सरोवर (तालाब) के सौंदर्यीकरण, पार्क के विकास तथा माधवेश्वर परिसर स्थित नौ मंदिरों के कॉरिडोर का जीर्णोद्धार कर आधुनिक स्वरूप प्रदान करने का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि न्यास अपने स्तर से विकास कार्य करा रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और परिसर की आवश्यकताओं को देखते हुए व्यापक सरकारी सहयोग जरूरी है।
न्यास के संरक्षक संजय सरावगी ने मंदिर की धार्मिक महत्ता और नेपाल सहित मिथिलांचल के विभिन्न जिलों में इसकी व्यापक ख्याति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में तत्कालीन एनडीए सरकार के कार्यकाल में पर्यटन विभाग की ओर से चार करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का विकास कराया गया था। वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए अब विकास की नई योजना तैयार की गई है।
वहीं, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि अयोध्या, जनकपुर और मिथिला की धार्मिक विरासत के बीच दरभंगा स्थित मां श्यामा मंदिर महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इसके समग्र विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ क्षेत्र की धार्मिक पर्यटन संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने करीब पांच मिनट तक विकास योजना का अवलोकन किया और इसकी स्वीकृति के लिए यथासंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने मंदिर की आमदनी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि न्यास को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास होना चाहिए, ताकि भविष्य में मंदिर विकास के साथ जनसेवा से जुड़े कार्यों का विस्तार किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

