गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश


पटना, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकाश पर्व का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा करने और बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने को कहा, जिससे कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा मिल सके।

सम्राट चौधरी ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व बिहार की गौरवशाली आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में आयोजन की गरिमा बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, जिससे कि प्रकाश पर्व श्रद्धा, सम्मान और उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ संपन्न हो सके।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762379 Articles

Share this story