मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक उद्यमी योजना से युवाओं को मिल रहा स्व-रोजगार का अवसर

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 21 अगस्त (हि.स.)।

बिहार सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं में उद्यमिता एवं स्व-रोजगार को बढ़ावा देने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक उद्यमी योजना प्रारंभ की गई।

इस योजना के माध्यम से अल्पसंख्यक युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के अंतर्गत कुल 1,247 लाभुकों के बीच 100 करोड़ रूपये की ऋण राशि वितरित की गई। वहीं, योजना के प्रारंभ से अब तक कुल 3,741 लाभुकों को 270 करोड़ रूपये की ऋण राशि प्रदान की जा चुकी है।

इस योजना के माध्यम से युवाओं को अपने व्यवसाय एवं उद्यम शुरू करने का अवसर मिल रहा है। इससे स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।

बिहार सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उल्लेखनीय है कि योजना के तहत ऋण वितरण के लिए राशि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा उद्योग विभाग, बिहार सरकार को उपलब्ध कराई जाती है। लाभुकों का चयन एवं ऋण राशि का वितरण उद्योग विभाग द्वारा किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story