मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण वर्ष 2028 तक पूर्ण करने सहित नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण वर्ष 2028 तक पूर्ण करने सहित नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का दिया निर्देश


पटना, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करें। परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि जेडी विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरू पथ पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण करायें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यवस्थित एवं समन्वित तरीके से कार्य किया जाए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात प्रबंधन, आवागमन की सुगमता तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार संचालित किए जाएं कि शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story