249 करोड़ की लागत से बने मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
249 करोड़ की लागत से बने मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण


249 करोड़ की लागत से बने मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण


- मीठापुर-सिपारा के बीच 2.1 किमी एलिवेटेड पथ भी शुरू, जाम से मिलेगी राहत

पटना, 28 अगस्त (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने 249 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से जोड़ने वाले फ्लाईओवर, पहुंच पथ एवं सेवा पथ का उद्घाटन किया।

यह फ्लाईओवर नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर के माध्यम से मीठापुर क्षेत्र को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा से जोड़ेगा। परियोजना के शुरू होने से मीठापुर, करबिगहिया और स्टेशन रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के अंतर्गत मीठापुर से सिपारा तक निर्मित 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पथांश का भी फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया।

दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से मीठापुर-सिपारा मार्ग पर यातायात अधिक सुगम और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इस मार्ग पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही करबिगहिया, मीठापुर और स्टेशन रोड पर वाहनों के दबाव में कमी आने से आवागमन आसान होगा।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित फ्लाईओवर का पैदल चलकर और वाहन से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, परियोजना से जुड़ी सुविधाओं और यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर के शुरू होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान होगा। एलिवेटेड पथ के माध्यम से यातायात को सुगम बनाने के साथ प्रमुख मार्गों पर वाहनों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

राजधानी पटना में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इन दोनों परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फ्लाईओवर और एलिवेटेड पथ के शुरू होने से प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने, जाम की समस्या घटाने और नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story