मुख्यमंत्री ने पटना के तीन गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने पटना के तीन गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण


पटना, 22 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राजधानी पटना में गंगा तट पर स्थित भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की ओर से 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने तीनों घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से परियोजना के विभिन्न घटकों, निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगाजल का स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया तथा राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

बुडको की ओर से विकसित इन घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। परियोजना के तहत घाटों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे छठ महापर्व सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही नदी तट के सौंदर्यीकरण से राजधानी के पर्यटन और शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story