मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन


मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन


पटना, 22 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह 2026 (22-24 मार्च) कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रविवार काे दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर किया।

समारोह में अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग डॉ बी राजेन्दर ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार के 114 वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम 'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार' रखी गयी है।

मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह-2026 के उद्घाटन से पूर्व पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ उदयकांत ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के पवेलियन में लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग विद्यार्थियों हेतु संवर्द्धन कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लास, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आईसीटी कक्ष, ईको क्लब बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष, बाल वाटिका आदि का जायजा लिया।

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, विधान पार्षद ललन सर्राफ, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story