मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर जिले को दी 119 करोड़ रुपये की सौगात
मुंगेर, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में साफियाबाद हवाई अड्डा परिसर में 119 करोड़ रुपये की लागत से 78 विकासात्मक योजनाओं का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 87 करोड़ रुपये की लागत से 52 योजनाओं का उद्घाटन तथा 32 करोड़ रुपये की लागत से 26 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मुंगेर के भगत सिंह चौक के समीप डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत मुंगेर पशु औषधालय कैम्पस में जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का अनावरण कर एवं उद्घाटन किया। उद्घाटन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर प्रशिक्षण सह सभाकक्ष, पूछताछ काउंटर आदि का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत थी-व्हीलर-सह-आईस बॉक्स की चाभी तथा समग्र गव्य विकास योजना, समग्र भैंस पालन योजना एवं देशी गौ पालन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत डेयरी इकाई स्थापना हेतु अनुदान के तहत 8 लाख, 83 हजार, 340 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा करें। ये सभी योजनाएं काफी महत्वपूर्ण हैं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके का काफी विकास होगा तथा लोगों को और अधिक सहूलियत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

