डूबने से ही मौत को लेकर मुख्यमंत्री ने जताया दुख, किया मुआवजे का एलान

WhatsApp Channel Join Now
डूबने से ही मौत को लेकर मुख्यमंत्री ने जताया दुख, किया मुआवजे का एलान


भागलपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र स्थित झल्लुदास टोला गंगा घाट पर एक ही परिवार के तीन सदस्य के डूबने से हुई मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के आश्रितों को 04-04 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उल्लेखनीय है कि इस घटना में एक छोटा लड़का, एक किशोरी और एक युवती की मौत हो गई थी। बीते देर शाम को एसडीआरएफ की टीम ने तीनों शवों को खोज निकाला।

बताया जा रहा है कि भटगामा गांव के निवासी कुमोद यादव अपने परिवार के साथ अपनी बेटी साक्षी कुमारी और 10 वर्षीय बेटे गौरव कुमार का मुंडन समारोह मनाने के लिए गंगा घाट आए थे। स्नान करते समय, गौरव डूबने लगा। उसे पानी में संघर्ष करते देख उसकी बहन साक्षी और उसकी बुआ मोनी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं, लेकिन वे भी तेज बहाव में बह गईं।

कुछ ही क्षणों में तीनों गंगा में शमा गए। स्थानीय लोगों ने गंगा में तीनों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोज और बचाव अभियान शुरू किया। शाम तक चले प्रयासों के बाद तीनों शव बरामद कर लिए गए। इस त्रासदी के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है और मृतक के परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story