व्यावसायिक शिक्षा से छात्रों को मिलेगा रोजगार का अवसर : बैद्यनाथ यादव

WhatsApp Channel Join Now
व्यावसायिक शिक्षा से छात्रों को मिलेगा रोजगार का अवसर : बैद्यनाथ यादव


दरभंगा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। व्यावसायिक शिक्षा के साथ छात्रों को जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे रोजगार हासिल करने के साथ संतुलित जीवन जीने में सक्षम बन सकें। ये बातें बिहार के पूर्व शिक्षा विभाग सचिव बैद्यनाथ यादव ने सीएम कॉलेज, दरभंगा में बैंकिंग एवं वित्तीय बीमा पाठ्यक्रम (बीएफएसआई) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहीं।

कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से एईडीपी कार्यक्रम के तहत आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का प्रमुख उद्देश्य छात्रों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना है। बिहार सरकार और राजभवन की भी मंशा है कि डिग्री प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को बेरोजगारी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने बताया कि इस पाठ्यक्रम के तहत तीन वर्ष की पढ़ाई के बाद एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा करना होगा। प्रशिक्षण अवधि में सरकार की ओर से छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने पूर्व आईएएस अधिकारी बैद्यनाथ यादव का पाग, चादर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा और उनके लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. ललित शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में इस पाठ्यक्रम का महत्व और बढ़ेगा। वहीं, व्याख्याता डॉ. दिव्या शर्मा ने बैंकिंग एवं वित्तीय बीमा क्षेत्र में इस पाठ्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अबसार आलम ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story