लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ अभियान में सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ अभियान में सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना


बेतिया, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को बेतिया में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा और जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। उन्होंने सागर पोखरा से राजड्योढ़ी तक हजारों समर्थकों और एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा की।

राजड्योढ़ी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी दल के लोग अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन बिहार के युवा अब जागरूक हो चुके हैं और ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार सरकार राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए संकल्पित हैं।

एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष की राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम कटने के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी मतदाता का नाम कटने का ठोस मामला सामने नहीं आया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में बिजली व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं पर उन्होंने बेतिया जीएमसीएच का जिक्र करते हुए कहा कि अस्पताल में 11 हजार लोगों का ऑपरेशन किया जा रहा है और मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था समाप्त करने की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जीएमसीएच से संबंधित आंकड़ों की जांच कराई जाएगी। यदि सिविल सर्जन की ओर से दिए गए आंकड़े गलत पाए गए तो उन्हें निलंबित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लोग अब बेहतर रोजगार के अवसरों के लिए दूसरे राज्यों में जा रहे हैं, न कि केवल मजदूरी करने के लिए। उन्होंने चंपारण की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राजेंद्र बाबू का जिक्र किया। साथ ही बेतिया राजड्योढ़ी परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और परिसर को अटल पार्क के रूप में विकसित करने की घोषणा संबंधी बात कही।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी निष्ठा के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के प्रखंड मुख्यालयों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रोफेसर एवं शिक्षकों की बहाली की जा रही है। गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाकर राशन कार्ड बनाने की पहल का भी उन्होंने उल्लेख किया।

कार्यक्रम में भाजपा सांसद एवं लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार, मंत्री नंदकिशोर राम, लखेंद्र पासवान, पूर्व मंत्री एवं विधायक मंगल पांडेय सहित जिले के कई विधायक, एनडीए के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और विकास के मुद्दों पर नेताओं ने अपनी बात रखी।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story