पेंटिंग और नारों से बच्चों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
पेंटिंग और नारों से बच्चों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गोराडीह प्रखंड के मध्य विद्यालय अगरपुर में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने आकर्षक पेंटिंग बनाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से स्वच्छता पर आधारित विभिन्न प्रेरणादायक स्लोगन लिखे। साथ ही नारों के जरिए लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत पृथ्वी दिवस 2026, जिसका विषय “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” रखा गया है, के तहत जिला सलाहकार गोराडीह के नेतृत्व में जीविका दीदियों और ग्रामीणों के साथ बैठक, रैली, शपथ ग्रहण एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस दौरान मध्य विद्यालय अगरपुर के बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक विमल कुमार, स्थानीय स्वच्छता पर्यवेक्षक मिथलेश कुमार, मो. कमरुद्दीन, अकरम सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश आनंद एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story