रावण दहन के बाद समिति और प्रशासन ने चलाया महा स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
रावण दहन के बाद समिति और प्रशासन ने चलाया महा स्वच्छता अभियान


अररिया 24 अक्टूबर(हि.स.)।

फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान में विजयादशमी के अगले दिन आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के बाद शनिवार को अनुमंडल प्रशासन और समिति की ओर से महा स्वच्छता अभियान चलाया गया।रावण दहन कार्यक्रम के बाद पूरे मैदान में बड़े पैमाने पर कचरा और प्लास्टिक की गंदगी फैल गई थी।

इस मैदान को पुनः स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए श्री रामनवमी रथ यात्रा समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश की अगुवाई में समिति के सभी सदस्यों ने मोर्चा संभालते हुए श्रमदान कर मैदान की सफाई की। आम नागरिकों और समिति के सदस्यों का उत्साहवर्धन करने के लिए फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकिशोर प्रसाद ने व्यवस्था का जायजा लेते हुए खुद हाथों में झाड़ू थामकर मैदान की सफाई की और श्रमदान कर समाज के सामने कर्तव्यपरायणता की एक बेहतरीन मिसाल पेश की।

इस पूरे महा अभियान की निगरानी और इसकी भव्यता को दर्ज करने के लिए पूरे हवाई मैदान की ड्रोन कैमरे से विशेष वीडियोग्राफी भी की गई। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी ने समिति के इस त्वरित प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी सार्थक है, जब हम अपने पर्यावरण और सार्वजनिक स्थलों के प्रति भी जवाबदेह बनें। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकिशोर प्रसाद ने भी युवाओं और सदस्यों के इस जज्बे को सलाम किया।

अंत में समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश ने इस पुनीत कार्य में अपना बहुमूल्य समय देने और खुद श्रमदान करने के लिए एसडीएम,एसडीपीओ सहित सभी सम्मानित सदस्यों और नागरिकों का सहृदय आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story