कटिहार में 'माय भारत' द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में 'माय भारत' द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित


कटिहार, 14 अगस्त (हि.स.)। युवाओं और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 'माय भारत' कटिहार द्वारा हरि शंकर नायक उच्च विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लिया, स्वच्छता की शपथ ली और श्रमदान कर विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ विद्यालय, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में युवाओं की सामाजिक भूमिका पर विचार रखे गए। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर समृद्धि कुमारी को प्रथम, चांदनी कुमारी को द्वितीय और खुशी कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिताओं के पश्चात, उपस्थित युवाओं और विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को हमेशा स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हुए स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद माय भारत के स्वयंसेवकों और छात्रों ने मिलकर विद्यालय परिसर में श्रमदान किया और कचरे व अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण किया।

माय भारत कटिहार के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने और समाज को प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कृष्ण कुमार कौशिक, दीपक कुमार, शिव नारायण मंडल, रोशन रंजन, चंदन झा, सुनील झा तथा माय भारत के युवा स्वयंसेवक कुणाल कुमार, अंजलि कुमारी, आनंद कुमार, ताराचंद मंडल, संतोष कुमार ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story